मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले की भरड़ावद ग्राम पंचायत इन दिनों अजीबोगरीब स्थिति से जूझ रही है। यहां की महिला सरपंच हुस्ना बी का अपने पति फारुख से आपसी विवाद चल रहा है और वे मायके चली गई हैं। इसके चलते करीब तीन महीने से पंचायत के सभी जरूरी कामकाज ठप पड़े हैं। 1700 की आबादी वाली इस पंचायत में वित्तीय लेन-देन से लेकर ग्रामीणों के आवश्यक प्रमाणपत्र बनाने तक के काम अटके हुए हैं।
पंचायत के बार-बार चक्कर काटने के बाद भी काम न होने से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को उपसरपंच तैयब खान के साथ मंदसौर जनपद कार्यालय पहुंचकर जनपद सीईओ को स्थिति से अवगत कराया। उपसरपंच तैयब खान ने बताया कि गांव में बन रहे सामुदायिक भवन और सीसी रोड के ठेकेदारों का भुगतान भी रुका हुआ है। वहीं, पंचायत के ठीक पीछे से निकल रहे नाले का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है।
ये भी पढ़ें




स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि नाले का काम अधूरा होने और उसके खुला रहने से बच्चों के गिरने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीण अशरफ़ के अनुसार वे 181 हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज करा चुके हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि या तो महिला सरपंच इस्तीफा दें या फिर गांव आकर अधूरे निर्माण कार्य पूरे कराएं। इस मामले में जनपद सीईओ ने वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। दूसरी ओर, सरपंच हुस्ना बी ने मीडिया के सामने आने से इनकार करते हुए कहा है कि यह उनका और पति का आपसी मामला है, जिसे वे अपने स्तर पर सुलझा लेंगे। फिलहाल दोनों के निजी विवाद का खामियाजा भरड़ावद के ग्रामीण भुगत रहे हैं।

















