छतरपुर, संजय अवस्थी। प्राचीन और ऐतिहासिक किशोर सागर तालाब की बदहाली को दूर करने के लिए 'स्वच्छ छतरपुर सेवा टीम' के युवाओं ने लगातार 60 दिनों तक श्रमदान कर तालाब की सूरत बदल दी है। जो कार्य जिम्मेदार विभाग और प्रशासन नहीं कर सका, उसे शहर के जागरूक युवाओं ने अपने दम पर पूरा कर दिखाया।
लंबे समय से किशोर सागर तालाब गंदगी और जलकुंभी की चपेट में था। तालाब से उठने वाली तेज बदबू के कारण आसपास के रहवासियों और राहगीरों का निकलना मुश्किल हो गया था। बार-बार शिकायतों के बावजूद जब नगर पालिका परिषद छतरपुर द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो शहर के युवाओं ने खुद ही तालाब को स्वच्छ करने का बीड़ा उठाया।
ये भी पढ़ें




युवाओं की टीम ने तालाब की सफाई का संकल्प लिया और प्रतिदिन सुबह तड़के तालाब पर पहुंचकर श्रमदान शुरू किया। 60 दिनों की निरंतर मेहनत के बाद तालाब का बड़ा हिस्सा जलकुंभी और कचरे से मुक्त हो चुका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पूरे अभियान के दौरान नगर पालिका परिषद छतरपुर की ओर से न तो सफाई कराई गई और न ही युवाओं को किसी प्रकार का सहयोग मिला। इसके बावजूद युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ। शहर भर में उनके जज्बे और पर्यावरण प्रेम की सराहना हो रही है।
इस अभियान को सफल बनाने में शिवम, नवनीत, नरेंद्र, एडवोकेट रमन, गौ सेवक रविराज सिंह, हर्ष, अरविंद, मनोज सिंह, मोहन, सचिन, मृदुल सहित 'स्वच्छ छतरपुर सेवा टीम' के अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।



















