छतरपुर, विनोद मिश्रा। छतरपुर में परीक्षा प्रणाली की शुचिता पर सवाल खड़े करने वाला एक बड़ा मामला महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से सामने आया है, जहां बीएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के अंतिम दिन फ्लाइंग स्क्वॉड की सतर्कता से मुन्नाभाई शैली में नकल करा रहे एक गिरोह का खुलासा हुआ है। विश्वविद्यालय के परीक्षा केंद्र में वास्तविक छात्रों के स्थान पर परीक्षा दे रहे चार फर्जी परीक्षार्थियों को चेकिंग के दौरान रंगे हाथों पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपियों में एक युवती और तीन युवक शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल सख्त कदम उठाते हुए चारों आरोपियों को सिविल लाइन थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है, जिसके बाद अब इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल तेज हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में बीएड फर्स्ट सेमेस्टर की परीक्षा का अंतिम दिन था। परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय के फ्लाइंग स्क्वॉड द्वारा परीक्षा कक्षों में सघन निरीक्षण और दस्तावेजों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान संदेह होने पर जब चार परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र और पहचान पत्रों का मिलान किया गया, तो बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ। जांच में स्पष्ट हुआ कि ये चारों लोग वास्तविक परीक्षार्थियों के स्थान पर बैठकर परीक्षा दे रहे थे। फर्जी परीक्षार्थियों के पकड़े जाते ही परीक्षा केंद्र में हड़कंप मच गया। पकड़े गए चारों नकलचियों, जिनमें तीन युवक और एक युवती शामिल हैं, को विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल परीक्षा से निष्कासित करते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस को सौंप दिया। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह सभी दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने पहुंचे थे।

फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन इस बात की गहन जांच कर रहे हैं कि इन फर्जी परीक्षार्थियों को किसके माध्यम से बुलाया गया था और क्या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों तथा वास्तविक परीक्षार्थियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।