छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। काली रात धाम मेले में खुला और स्ट्रीट फूड खाना चार बच्चों की सेहत पर भारी पड़ गया। नूडल्स, मंचूरियन और गुपचुप खाने के कुछ ही घंटों बाद सभी बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें शनिवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बच्चे काली रात धाम मेले में घूमने गए थे, जहां उन्होंने वहां लगी अस्थायी दुकानों से चाइनीज फूड और गुपचुप का सेवन किया था। घर लौटने के करीब चार घंटे बाद चारों बच्चों को तेज उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। बच्चों की हालत बिगड़ती देख घबराए परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

शनिवार सुबह बच्चों को जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है, हालांकि उपचार के बाद अब चारों बच्चे स्थिर हैं। वहीं, इस घटना के बाद मेलों और सार्वजनिक आयोजनों में खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य विभाग की निगरानी को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।