छतरपुर, संजय अवस्थी। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर की गई कथित टिप्पणी तथा पतंजलि कंपनी के घी की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए शनिवार को संतों और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बाबा रामदेव का पुतला दहन कर आक्रोश जताया और संत महामंडल प्रमुख स्वामी डॉ. आशुतोष ब्रह्मचारी दंडवत यात्रा करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर कौशल सिंह को ज्ञापन सौंपकर पतंजलि घी के नमूनों की जांच कराने और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि ईसानगर तिगड्डा पर आयोजित होने वाले श्री श्री 121 कुंडीय रुद्र महायज्ञ में आहुति देने के लिए पतंजलि कंपनी का घी सैंपल के तौर पर लिया गया था, जो पकाने पर कथित रूप से नकली व मिलावटी प्रतीत हुआ और उसमें अजीब सी महक आने लगी। प्रदर्शन के दौरान जय श्री राम बजरंग सशक्त सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष भानु कुमार तिवारी और सेना प्रमुख पं. आशुतोष तिवारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने पं. धीरेंद्र शास्त्री पर की गई बयानबाजी पर भी कड़ी नाराजगी जाहिर की और पतंजलि के घी की बिक्री पर रोक लगाने की मांग उठाई। वहीं, डिप्टी कलेक्टर कौशल सिंह ने बताया कि संतों द्वारा मिलावटी व महकयुक्त घी की शिकायत और गुणवत्ता जांच को लेकर ज्ञापन प्राप्त हुआ है, जिस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी के माध्यम से नियमानुसार सैंपलिंग एवं जांच की कार्रवाई कराई जाएगी।





















