पन्ना, अमित सिंह राठौर। प्रदेश के पन्ना और छतरपुर जिलों में केन-बेतवा लिंक परियोजना सहित चार सिंचाई परियोजनाओं में मुआवजे, पुनर्वास और भूमि अधिग्रहण से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले में जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर 15 दिनों के भीतर बिंदुवार जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। यह कार्रवाई जय किसान संगठन के प्रमुख अमित भटनागर द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के बाद की गई है। मंत्री का 16 नवंबर को जारी पत्र 27 नवंबर को डाक के माध्यम से भटनागर को मिला है।
दरअसल, 12 नवंबर को अमित भटनागर ने पूर्व सांसद वृंदा करात और दिव्या अहिरवार के साथ भोपाल में मंत्री तुलसी सिलावट से भेंट कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में केन-बेतवा लिंक परियोजना के अलावा मझगायां, रूँझ और नेगुवा सिंचाई परियोजनाओं से प्रभावित किसानों व आदिवासी परिवारों के पुनर्वास, मुआवजे और अधिग्रहण प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों की जांच की मांग की गई थी।
संगठन ने ज्ञापन के जरिए पांच प्रमुख मांगें सामने रखी थीं। इनमें वर्ष 2026 को कट-ऑफ डेट तय करना, सिंचित भूमि के लिए कम से कम 12 लाख रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देना, वन स्वीकृति की शर्तों का अनुपालन सुनिश्चित करना और पूर्ण मुआवजे व पुनर्वास से पहले विस्थापन रोकने जैसी मांगें शामिल हैं।
अमित भटनागर ने कहा कि उनका आंदोलन विकास के विरोध में नहीं है, बल्कि विकास के नाम पर किसानों, आदिवासियों और विस्थापित परिवारों के साथ हो रहे अन्याय के विरुद्ध है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और प्रभावित परिवारों को कानूनी हक मिलने की उम्मीद जताई है।
















