देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आईएनसी) के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर कर बताया है कि उन्हें यह जानकारी मिली है कि वहां के संग्रहालय में रखी 9 प्राचीन धरोहर मूर्तियों को दिल्ली शिफ्ट करने के लिए एक टीम जागेश्वर पहुंची हुई है। उन्होंने लिखा, "मुझे अभी जागेश्वर धाम से पंडित जी द्वारा जानकारी मिली है कि वहां के संग्रहालय में रखी 9 प्राचीन धरोहर मूर्तियों को दिल्ली शिफ्ट करने के लिए एक टीम जागेश्वर पहुंची हुई है, जिसका स्थानीय लोग और पुजारीगण पुरजोर विरोध कर रहे हैं। मैं लोगों के विरोध का एक वीडियो साझा कर रहा हूं।"

उन्होंने कहा, "जागेश्वर हमारा अत्यंत प्राचीन और पावन धाम है, जिससे पूरे उत्तराखंड और विश्वभर के श्रद्धालुओं की गहरी धार्मिक आस्था जुड़ी है। हम उत्तराखंड के अपने मंदिरों की इन अमूल्य मूर्तियों को किसी भी हालत में दिल्ली शिफ्ट नहीं होने देंगे। मेरा राज्य सरकार से विनम्र अनुरोध है कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए।"

उन्होंने कहा, "मैंने कुमाऊं कमिश्नर से भी वार्ता कर इस मामले का तत्काल संज्ञान लेने को कहा है। इसके साथ ही गोविंद सिंह कुंजवाल (भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता और उत्तराखंड विधानसभा के पूर्व सदस्य) से भी आग्रह किया है कि वे तत्काल मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लें और स्थानीय लोगों के साथ खड़े रहें। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो मैं स्वयं भी तत्काल जागेश्वर जाऊंगा।

हरीश रावत की ओर से जारी किए गए वीडियो में लोगों की काफी भीड़ देखने को मिल रही है, जिसमें लोग जागेश्वर धाम स्थित संग्रहालय में रखी 9 प्राचीन धरोहर मूर्तियों को दिल्ली शिफ्ट करने के लिए जागेश्वर पहुंची एक टीम का विरोध करते हुए नजर आ रहे हैं।