मुंबई। केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता अवधेश शुक्ला ने इस विधेयक का विरोध करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विपक्ष को विश्वास में लिए बिना चोर दरवाजे से विधेयक लाने की कोशिश कर रही है। अगर यह विधेयक पारित हुआ तो लोकतंत्र की हत्या होगी और यह संविधान के खिलाफ होगा। उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के संभावित समर्थन को लेकर शरद पवार पर भी निशाना साधा।शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता अवधेश शुक्ला ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि महिला आरक्षण के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान पहले से मौजूद है। अगर सरकार वास्तव में महिलाओं को आरक्षण देना चाहती है तो मौजूदा लोकसभा सीटों के भीतर ही 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना चाहिए। इसके लिए परिसीमन के नाम पर लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन और शिवसेना (यूबीटी) इस विधेयक का विरोध करेंगे। पार्टी के सांसद सदन में मौजूद रहकर इसके खिलाफ अपना पक्ष रखेंगे। जरूरत पड़ने पर पार्टी सड़कों पर उतरकर भी आंदोलन करेगी। उन्होंने दावा किया कि यह विधेयक पारित नहीं हो पाएगा।
एनसीपी-एसपी के परिसीमन विधेयक को समर्थन देने की चर्चाओं पर शुक्ला ने शरद पवार को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि शरद पवार का राजनीतिक इतिहास सहयोगियों को धोखा देने का रहा है। वह इंडी गठबंधन के प्रमुख नेताओं में शामिल थे लेकिन अब भाजपा के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की मौजूदा राजनीतिक स्थिति के लिए भी शरद पवार जिम्मेदार हैं। उन्हें प्रदेश का धर्मनिरपेक्ष नेता माना जाता था लेकिन अब वह भाजपा के साथ चले गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस लालच में शरद पवार ने ऐसा फैसला लिया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इसके पीछे कोई बड़ी राजनीतिक डील हो सकती है। हालांकि, इन आरोपों के समर्थन में उन्होंने कोई प्रमाण पेश नहीं किया।
उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत के 150-150 करोड़ रुपए दिए जाने संबंधी आरोप का भी जिक्र किया। शुक्ला ने सवाल उठाया कि क्या सुप्रिया सुले को मुख्यमंत्री बनाने का आश्वासन दिया गया है या इसके पीछे कोई अन्य राजनीतिक समझौता हुआ है।
अवधेश शुक्ला ने कहा कि अगर सरकार को परिसीमन विधेयक लाना है तो सबसे पहले विपक्ष के नेता राहुल गांधी, शिवसेना (यूबीटी) के सांसदों और अन्य विपक्षी सदस्यों के साथ बैठक करनी चाहिए। विधेयक के प्रावधानों पर चर्चा होनी चाहिए और सभी को भरोसे में लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अभी तक सांसदों को विधेयक का मसौदा तक उपलब्ध नहीं कराया गया है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि परिसीमन को लेकर सरकार वास्तव में क्या प्रस्ताव लाने जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि जब विपक्ष को विधेयक की पूरी जानकारी ही नहीं है तो इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया कैसे कहा जा सकता है।
लोकसभा में सांसदों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव पर सवाल उठाते हुए शुक्ला ने कहा कि वर्तमान में लोकसभा में 543 सदस्य हैं। अगर इतनी संख्या होने के बावजूद देश का अपेक्षित विकास नहीं हो पा रहा है तो 850 या उससे अधिक सांसद होने से क्या बदलाव आ जाएगा।
उन्होंने आशंका जताई कि सीटों की संख्या बढ़ाने से भ्रष्टाचार और सांसदों की खरीद-फरोख्त को बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राजनीतिक लाभ के लिए सांसदों को अपने पक्ष में करने का प्रयास करती है। उनकी पार्टी इस विधेयक का संसद के भीतर और बाहर दोनों जगह विरोध करेगी। उन्होंने दोहराया कि परिसीमन की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए और महिला आरक्षण को मौजूदा सीटों के भीतर लागू किया जाना चाहिए।
















