नई दिल्ली। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) 15 जनवरी, 2027 से यमुना किनारे 'बांसेरा' में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव का आयोजन करेगा। इसमें 20 देशों की पतंगें और प्रतिभागी शामिल होंगे।

अधिकारी ने एक बयान में कहा कि चौथा 'पतंग उत्सव 2027' डीडीए के उस विजन को आगे बढ़ाएगा जिसमें विरासत, संस्कृति और परंपराओं पर जोर दिया गया है। साथ ही, उपराज्यपाल और डीडीए के अध्यक्ष टीएस संधू ने सुझाव के अनुसार इसका उद्देश्य शहर के लोगों को हरे-भरे स्थानों के करीब लाना भी है।

बयान के अनुसार, इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में ऑस्ट्रेलिया, कोलंबिया, फ्रांस, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया और ट्यूनीशिया सहित कई अन्य देशों के पतंगबाज हिस्सा लेंगे।

यह आयोजन मकर संक्रांति के समय होगा। यहां आने वाले लोग 'बांसेरा' के ऊपर विशाल पतंगों को उड़ते हुए देख सकेंगे, विशेषज्ञ पतंगबाजों को कलाबाजी दिखाते हुए देख पाएंगे और खुद भी पतंग उड़ाने का आनंद ले सकेंगे।

डीडीए ने बताया कि इस कार्यक्रम में 100 से अधिक पतंगबाजों के शामिल होने की उम्मीद है। यहां आने वाले लोग विशाल हवा भरने वाली पतंगें, बेहतरीन पतंगबाजी और टीमों द्वारा किए जाने वाले शानदार प्रदर्शन देख सकेंगे।

भारतीय पतंगबाजों में गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, कर्नाटक, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली और पुडुचेरी के प्रतिभागी शामिल होंगे।

आगंतुक पतंग उड़ाने वालों से मिल सकते हैं और पारंपरिक स्टॉलों से पतंग तथा सुरक्षित डोर खरीदकर पतंगबाजी का आनंद ले सकते हैं।

इस उत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में पतंगों के इतिहास और उनके महत्व को दर्शाने वाला एक मंडप होगा। बयान के अनुसार, यहां प्रदर्शित की जाने वाली चीजें बताएंगी कि कैसे अलग-अलग संस्कृतियों में पतंग बनाने की कला विकसित हुई है, पारंपरिक कागज की पतंगों और लड़ाकू पतंगों से लेकर आज के दौर के कलात्मक और खेल-कूद से जुड़े डिजाइनों तक।

एक फोटोग्राफी प्रदर्शनी में अंतरराष्ट्रीय पतंग उत्सवों के दृश्य और रिकॉर्ड बनाने वाली पतंगों की तस्वीरें देखने को मिलेंगी।

आगंतुक पारंपरिक पतंग स्टॉलों से पतंग और डोर लेकर, पतंग उड़ाने के लिए तय की गई जगहों पर जा सकते हैं।

यहां तीन शामें संगीत के नाम होंगी, जिनमें लाइव गायकों और संगीतकारों की प्रस्तुतियां, सूफी संगीत और कव्वाली तथा भारतीय लोक संगीत और फ्यूजन प्रस्तुतियां शामिल होंगी। उत्सव के दौरान कम से कम छह सांस्कृतिक समूहों द्वारा भी अपनी कला का प्रदर्शन करने की उम्मीद है। बयान में आगे बताया गया है कि परिवार यहां कम से कम 10 स्टॉलों वाले फूड कोर्ट का मजा ले सकते हैं, जबकि बच्चे मिट्टी के बर्तन बनाने, पेंटिंग, कठपुतली शो और टॉय ट्रेन की सवारी का आनंद ले सकते हैं।

डीडीए ने अपने 'यमुना फ्लडप्लेन रेस्टोरेशन प्रोग्राम' (यमुना बाढ़ क्षेत्र पुनरुद्धार कार्यक्रम) के तहत 'बांसेरा' विकसित किया है, जो दिल्ली का पहला बांस-थीम वाला पार्क है। बयान के अनुसार, 'पतंग उत्सव' सर्दियों की एक जानी-पहचानी परंपरा को यमुना के किनारे लेकर आया है, जहां परिवार और आगंतुक खुले में अपना दिन बिता सकते हैं और पतंगबाजी में शामिल हो सकते हैं।