छतरपुर, विनोद मिश्रा। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नौगांव रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच अफजल-अफसर के डेंटिंग-पेंटिंग गैरेज में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और गैरेज में खड़े वाहनों तथा दुकान के सामान को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में पिकअप, स्कूटी और बाइक समेत करीब आधा दर्जन वाहन जलकर खाक हो गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार आग से 20 से 25 लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

घटना के तुरंत बाद आसपास के दुकानदार और रहवासी मौके पर एकत्र हो गए और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार कॉल करने के बावजूद लगभग डेढ़ घंटे तक दमकल वाहन घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। हालात बिगड़ते देख लोगों ने निजी पानी के टैंकर मंगवाए और घरों के मोटर पंप, जेट पंप तथा बाल्टियों की सहायता से आग बुझाने में जुट गए। करीब 50 लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

आग बुझाने के दौरान ट्रांसपोर्ट व्यवसायी एवं ट्रक ऑनर रईस खान झुलस गए। उन्होंने समय पर दमकल वाहन नहीं पहुंचने को लेकर नगर पालिका और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना था कि यदि दमकल समय पर पहुंच जाती तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जब नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, तब तक रहवासी और व्यापारी अपने निजी साधनों से आग बुझा चुके थे। देरी से पहुंची दमकल को लेकर लोगों ने कर्मचारियों के सामने नाराजगी जताई और शहर की अग्निशमन व्यवस्था पर सवाल उठाए। लोगों का कहना था कि आपात स्थिति में दमकल की देरी से बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल आग लगने के सही कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाना बाकी है।