सतना, सजल कुमार रजक। बिरला रोड स्थित सनकादिक नगर में नौ दिवसीय 1111 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ एवं विराट संत सम्मेलन का शुभारंभ शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। देश के तपोनिष्ठ संत सनकादिक महाराज के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। संतोषी माता तालाब से हजारों श्रद्धालुओं और महिलाओं ने सिर पर पवित्र जल से भरे कलश धारण कर शोभायात्रा में हिस्सा लिया।

कलश यात्रा शुरू होने से पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यजमानों का प्रायश्चित संकल्प, दस स्नान और वरण संकल्प कराया गया। इसके पश्चात संतोषी माता तिराहे से कलश यात्रा प्रारंभ हुई, जो सेमरिया चौक, कबाड़ी टोला, पन्नीलाल चौक, बिहारी चौक, जयस्तंभ चौक और स्टेशन रोड होते हुए सर्किट हाउस चौराहा पहुंची। यहां से भरहुत नगर मोड़ और कॉलोनी के मुख्य मार्ग से होते हुए यात्रा यज्ञ स्थल पर संपन्न हुई। शोभायात्रा के दौरान मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न मंदिरों में रुककर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।

पूरी यात्रा के दौरान धार्मिक जयकारों और भजनों से शहर का वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजकों के अनुसार नौ दिनों तक चलने वाले इस भव्य महायज्ञ और संत सम्मेलन में देशभर के प्रमुख संत-महात्माओं का सानिध्य और प्रवचन श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा।