छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर में रफ्तार के कहर और प्रेम प्रसंग की एक बेहद हृदयविदारक घटना ने जिले के दो परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। एक ओर रेत परिवहन में लगे बेकाबू ट्रैक्टर की टक्कर से एक 22 वर्षीय युवक की जीवनलीला समाप्त हो गई, वहीं दूसरी ओर युवक की मौत की खबर सुनते ही उसकी कथित प्रेमिका ने भी सदमे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ही दिन में सामने आई इन दो दुखद मौतों ने न केवल दोनों परिवारों को झकझोर कर रख दिया है, बल्कि पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसार दिया है। फिलहाल पुलिस ने दोनों मामलों को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम इन्द्रहटा निवासी 22 वर्षीय प्रदीप अनुरागी पिता अर्जुन अनुरागी शुक्रवार शाम करीब 4 बजे नौगांव-ददरी-बिलहरी मार्ग पर एक ट्रैक्टर के समीप गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। दुर्घटना में उनके सिर में गहरी चोट आई थी। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान प्रदीप ने दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि प्रदीप अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि संबंधित ट्रैक्टर बिलहरी निवासी मदनपाल का है और रेत परिवहन के कार्य में लगा हुआ था। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से उक्त ट्रैक्टर को तत्काल जब्त करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार चालक व मालिक के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

इधर, प्रदीप की मौत की खबर जैसे ही निवारी गांव पहुंची तो वहां रहने वाली उनकी कथित प्रेमिका को गहरा सदमा लगा और कथित तौर पर उसने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। हालांकि, युवक की सड़क दुर्घटना में हुई मौत और युवती द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के बीच के वास्तविक संबंधों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

बताया गया है कि गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम निवारी की रहने वाली 23 वर्षीय युवती खुशबू पिता दिलीप अनुरागी ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका के भाई नितिन अनुरागी ने बताया कि वह स्वयं का सिलाई सेंटर और ब्यूटी पार्लर संचालित कर आत्मनिर्भर जीवन जी रही थी। घटना की रात परिवार में भतीजे का जन्मदिन होने के कारण सभी रिश्तेदारों के साथ मिलकर उसने भोजन किया और खुशियां मनाई थीं, जिसके बाद रात करीब 12 बजे सभी परिजन एक ही कमरे में सो गए थे। आशंका है कि रात 2 से 3 बजे के बीच युवती ने फांसी लगा ली, जिसका पता सुबह 5 बजे परिजनों के जागने पर चला। डायल-112 की सूचना पर मौके पर पहुंची गढ़ीमलहरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डॉक्टरी परीक्षण उपरांत पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।