भिंड, अक्षय जोशी। किला रोड स्थित पुराना सर्राफा बाजार में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का महज छह घंटे में पर्दाफाश करने वाली भिंड पुलिस की साइबर और क्राइम टीम ने प्रदेश स्तर पर जिले का मान बढ़ाया है। मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक द्वारा टीम के 12 अधिकारियों और कर्मचारियों को वर्ष 2024 एवं 2025 के प्रतिष्ठित पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति-पत्र एवं डिस्क (DGCR) से सम्मानित किया गया है।

यह अलंकरण समारोह 27 नवंबर 2026 को भोपाल स्थित नरोन्हा प्रशासनिक अकादमी में आयोजित किया गया, जहां उत्कृष्ट कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा और अदम्य साहस के लिए भिंड पुलिस की टीम को यह सम्मान सौंपा गया।

गौरतलब है कि जनवरी 2025 में किला रोड पुराना सर्राफा बाजार में सर्राफा व्यापारी की दुकान पर लूट की बड़ी वारदात हुई थी। घटना के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई और साहस का परिचय देते हुए शॉर्ट एनकाउंटर के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर महज छह घंटे में पूरे मामले का खुलासा कर दिया था।

सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों में टीआई शिवप्रताप सिंह राजावत, एसआई अतुल भदौरिया, एसआई देवीदीन अनुरागी, एसआई वैभव तोमर और एसआई सत्यवीर सिंह सहित कुल 12 अधिकारी व कर्मचारी शामिल हैं। इस उपलब्धि से भिंड पुलिस विभाग और जिले में हर्ष का माहौल है।