अजयगढ़/पन्ना, मोहम्मद मुस्तकीम। विकासखंड अजयगढ़ की ग्राम पंचायत उदयपुर के अंतर्गत आने वाली माध्यमिक शाला ढगरी में बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। स्कूल की इमारत बुरी तरह जर्जर हो चुकी है और छत के छज्जों से मलबा व निर्माण सामग्री लगातार गिर रही है, लेकिन इसके बावजूद इसी भवन में कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।

स्कूल भवन की दीवारें और छत क्षतिग्रस्त हैं तथा बारिश में इमारत से पानी टपकता है। बच्चों और शिक्षकों को इसी बदहाल स्थिति में बैठना पड़ रहा है। विद्यालय की शिक्षिका के अनुसार जर्जर हालत की जानकारी विभागीय अधिकारियों को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो मरम्मत कराई गई और न ही सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम किए गए।

स्कूली बच्चों और अभिभावकों ने जल्द से जल्द भवन की मरम्मत कराने की मांग की है। अभिभावकों का कहना है कि जब स्कूल भवन ही सुरक्षित नहीं है, तो बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। प्रदेश में जर्जर स्कूल भवनों से जुड़े हादसों की घटनाओं के बीच ढगरी की स्थिति को लेकर पन्ना जिला शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। अब स्थानीय लोगों को मौके के निरीक्षण, वैकल्पिक सुरक्षित व्यवस्था और भवन के शीघ्र सुधार का इंतजार है।