भोपाल। भोपाल सेंट्रल जेल के जेलर मग्नू सिंह मरावी के खिलाफ 58 वर्षीय महिला प्रहरी ने रेप और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। गांधी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी जेलर को हिरासत में ले लिया है।

एसआई प्रभावती शर्मा के अनुसार, महिला प्रहरी देर रात थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे जेल परिसर में गश्त के दौरान जेलर मग्नू सिंह मरावी से सामना हुआ। शिकायतकर्ता के मुताबिक, जेलर ने अश्लील बातचीत शुरू की, जबरन वॉशरूम में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।


पुलिस ने शिकायत के बाद महिला प्रहरी का मेडिकल परीक्षण कराया है। एक पुलिस दल ने सेंट्रल जेल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के तहत जेल परिसर के सीसीटीवी फुटेज और ड्यूटी रजिस्टर व संबंधित रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। घटना के वक्त मौजूद कर्मियों और संभावित गवाहों से भी पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, महिला प्रहरी ने वर्ष 2017 में भी जेल के एक अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। हालांकि, पुराने प्रकरण का मौजूदा आरोपों से कोई संबंध है या नहीं, इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। बताया गया है कि मग्नू सिंह मरावी पूर्व में उमरिया जिला जेल में उप जेल अधीक्षक रह चुके हैं और अगस्त 2024 से भोपाल जेल में पदस्थ हैं। पुलिस का कहना है कि जांच और जेलर का पक्ष सामने आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।