भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल की सड़कों पर दौड़ रही एक कार इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। कार पर लिखे संदेशों के जरिए वैवाहिक विवाद, कानूनी मुकदमों और न्याय प्रक्रिया में देरी से जुड़े सवाल उठाए गए हैं। कार के मालिक छतरपुर निवासी मुदित चौरसिया ने अपने कानूनी संघर्ष और पारिवारिक पीड़ा को सार्वजनिक करने के लिए यह अनूठा तरीका अपनाया है।

मुदित की कार पर वैवाहिक विवाद से जुड़े 11 मामलों का उल्लेख किया गया है, जिनके माध्यम से वह न्याय व्यवस्था में सुधार, जवाबदेही और मुकदमों के समयबद्ध निराकरण की मांग कर रहे हैं। मुदित चौरसिया का कहना है कि वैवाहिक विवाद से जुड़े मामलों में उलझने के बाद उन्हें लंबे समय तक कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ा। उनके मुताबिक, पुलिस और अदालतों से जुड़े अनुभवों ने उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से प्रभावित किया है। कार पर लिखे संदेशों के जरिए उन्होंने न्याय मिलने में होने वाली देरी और आम लोगों की परेशानियों को सामने लाने का प्रयास किया है।


पारिवारिक विवाद का जिक्र करते हुए मुदित ने बताया कि वह करीब पांच साल से अपनी बेटी से नहीं मिल पाए हैं। उनके अनुसार, बेटी से मिलने के अधिकार से संबंधित मामला इंदौर की फैमिली कोर्ट में विचाराधीन है। मुदित का कहना है कि जब यह मामला शुरू हुआ था, तब उनकी बेटी आठ वर्ष की थी। लंबे समय तक बेटी से मुलाकात न हो पाने के कारण वह भावनात्मक रूप से परेशान हैं।

मुदित का मानना है कि वैवाहिक विवादों में पति-पत्नी के बीच चलने वाली कानूनी लड़ाई का सबसे ज्यादा असर बच्चों पर पड़ता है। कार के संदेशों के माध्यम से उन्होंने लोगों का ध्यान उन परिवारों की ओर दिलाने की कोशिश की है, जो लंबे समय तक कानूनी विवादों में फंसे रहते हैं। उनकी मांग है कि वैवाहिक विवादों से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच और समयबद्ध सुनवाई हो तथा बच्चों के हितों और माता-पिता से मिलने के अधिकार को प्राथमिकता दी जाए।