छतरपुर/घुवारा, रूपेन्द्र पाल। टीकमगढ़-सागर मार्ग पर शाहगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरिया नरवा के बीच बगरोही टीक के पास देर रात करीब 1 बजे ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में बोलेरो सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान भगवां निवासी प्रमोद लोधी और उत्तम यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो सवार लोग सागर से अपने गांव भगवां लौट रहे थे। इसी दौरान बगरोही टीक के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही शाहगढ़ थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। थाने में पदस्थ आरक्षक दिनेश साहू ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगढ़ भिजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सागर रेफर कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। हादसे की खबर मिलते ही भगवां क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

















