पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत और चार के घायल होने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, ''उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं सभी शोक-संतप्त परिवारों के प्रति गहन शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।''
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि पौड़ी गढ़वाल जिले में हादसे में लोगों की मौत की खबर से प्रधानमंत्री दुखी हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
पीएमओ के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र में शनिवार को वाहन चालक के नियंत्रण खोने के बाद एक कार करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में सात महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद रिखणीखाल थाना पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, वाहन रिखणीखाल से भंगालवाड़ की ओर जा रहा था और उसमें कुल 12 लोग सवार थे। खाई से चार घायलों को सुरक्षित निकालकर रिखणीखाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है।
मृतकों की पहचान कांती देवी (45), रेखा देवी (42), सुमित्रा देवी (50), सुनीता देवी (45), धनेश्वरी देवी (46), सरोजनी देवी (38), रजनी देवी (25) और वाहन चालक अनिल देबराड़ा (48) के रूप में हुई है। घायलों में शशि देवी (35), शकुंतला देवी (45), जगदीश सिंह और सत्यवती देवी (36) शामिल हैं। वाहन में सवार सभी लोग भंगालवाड़ के निवासी बताए गए हैं।
इससे पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हादसे पर दुख जताया था और अधिकारियों को घायलों को बेहतर चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए थे।













