छतरपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, छतरपुर में वार्षिकोत्सव ‘पंच – ए जर्नी विदिन’ का भव्य आयोजन किया गया। शिक्षा, कला, संस्कृति और मानवीय मूल्यों के संगम पर आधारित इस समारोह में प्रसिद्ध टेलीविजन अभिनेत्री एवं मध्य प्रदेश की प्रतिभा सुश्री चाहत पांडे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

इस वर्ष का वार्षिकोत्सव प्रकृति के पांच मूल तत्वों—पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश—की अवधारणा पर केंद्रित रहा। विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, अभिनय और आधुनिक डिजिटल तकनीक के जरिए प्रकृति तथा मानवीय संवेदनाओं के बीच के जुड़ाव को मंच पर जीवंत किया।


कार्यक्रम को महज सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक सीमित न रखते हुए कक्षा की पढ़ाई और व्यावहारिक सीख से जोड़ा गया। बच्चों ने शैक्षणिक गतिविधियों और रचनात्मक परियोजनाओं के माध्यम से पंचतत्वों के महत्व को समझा और अपनी प्रस्तुतियों में उतारा। इस दौरान पंचतत्वों पर आधारित विशेष कला प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और रचनात्मकता झलकी।

विद्यालय की संस्थापक एवं निदेशक श्रीमती रुचिका भारद्वाज ने कहा कि उनका उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें जीवन के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि ‘पंच’ के जरिए शिक्षा, कला और मानवीय संवेदनाओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया है, क्योंकि हर बच्चे में एक विशिष्ट प्रतिभा होती है जिसे सही अवसर और प्रोत्साहन से निखारा जा सकता है।

मध्य प्रदेश से राष्ट्रीय मनोरंजन जगत में पहचान बनाने वालीं अभिनेत्री चाहत पांडे की मौजूदगी विद्यार्थियों के लिए खास आकर्षण और प्रेरणा रही। आकर्षक वेशभूषा, आधुनिक एलईडी ग्राफिक्स, संगीत, प्रकाश संयोजन और रचनात्मक मंच प्रस्तुतियों ने आयोजन को यादगार बनाया। यह वार्षिकोत्सव बुंदेलखंड क्षेत्र में आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और समग्र शिक्षा के प्रति डीपीएस छतरपुर की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।