छतरपुर, संदीप यादव। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशन में नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के तहत शनिवार को खजुराहो स्थित मेला ग्राउंड में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस अभ्यास के दौरान संभावित हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में ब्लैक आउट लागू करने, सुरक्षा उपायों को अपनाने और त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा गया।

मॉक ड्रिल के दौरान आपात स्थिति में प्रकाश व्यवस्था बंद रखने, सुरक्षित स्थानों पर जाने, नागरिकों को सतर्क करने और राहत-बचाव कार्यों को तेजी से चलाने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। आयोजन में एसडीओपी खजुराहो मनमोहन सिंह बघेल, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड एवं एसडीआरएफ हर्ष कुमार जैन, थाना प्रभारी खजुराहो एन.के. सोलंकी तथा तहसीलदार खजुराहो एवं एसडीआरएफ प्रभारी विनीत कुमार तिवारी मौजूद रहे।


अभ्यास में होमगार्ड एवं एसडीआरएफ के जवान अखिलेश अहिरवार, राकेश बार, अरुण राजपूत, परमलाल, पुरुषोत्तम तिवारी, भारत वसुनिया एवं प्रकाश सोलंकी के साथ आपदा मित्र शिवम मिश्रा, अन्य आपदा मित्रों और सिविल डिफेंस वालंटियर्स ने सक्रिय भूमिका निभाई। इसके अलावा नगर परिषद खजुराहो की टीम, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस सेवा ने भी समन्वित राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साह के साथ भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।

अधिकारियों के अनुसार इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाना, राहत एवं बचाव कार्यों की तत्परता सुनिश्चित करना और आम नागरिकों को सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक कर किसी भी आपदा से निपटने के लिए तैयार करना रहा।