मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 26 नवंबर 2008 (26/11) के आतंकी हमले में देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के शौर्य और साहस को नमन करते हुए बागेश्वर महाराज ने अपनी तीन दिवसीय श्री हनुमान कथा अमर शहीदों को समर्पित की है। अंधेरी वेस्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कथा के प्रथम दिवस पर महाराज श्री ने संतों के सान्निध्य में शहीद परिवारों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया और प्रत्येक परिवार को 51 हजार रुपये का चेक भेंट किया। इस अवसर पर सभी उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ राष्ट्रगान गाया गया और वीर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
शहीद परिवारों का सम्मान और भावुक पहल
पंजाब के पठानकोट में श्री हनुमान कथा संपन्न करने के पश्चात बागेश्वर महाराज इन दिनों महाराष्ट्र की धार्मिक यात्रा पर हैं। हिंदू एकता, सामाजिक समरसता तथा भारत को विश्वगुरु बनाने की संकल्पना के साथ जनजागरण करते हुए उन्होंने मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में तीन दिवसीय श्री हनुमान कथा का शुभारंभ किया, जिसे पूर्णतः 26/11 के शहीद जवानों और उनके परिवारों को समर्पित किया गया है। कथा के पहले दिन महाराज श्री ने शहीद परिवारों के सदस्यों से भेंट कर उन्हें आशीर्वाद दिया और प्रत्येक परिवार को 51-51 हजार रुपये के चेक प्रदान किए। इसी दौरान शहीद परिवार की सदस्य सुनीता पाटिल ने एक प्रेरक और भावुक पहल करते हुए सम्मान स्वरूप प्राप्त 51 हजार रुपये की पूरी राशि बागेश्वर धाम में आयोजित होने वाले 365 कन्याओं के सामूहिक विवाह महोत्सव के लिए पुनः भेंट कर दी। उनके इस त्याग और समर्पण ने पूरे पंडाल को भावविभोर कर दिया।
ये भी पढ़ें




पद्मश्री सुरेश वाडकर और भजन सम्राट अनूप जलोटा की प्रस्तुतियों से भक्तिमय हुआ वातावरण
इस गरिमामय आयोजन के मंच पर प्रख्यात गायक पद्मश्री सुरेश पारटीकर और भजन सम्राट अनूप जलोटा विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों दिग्गज कलाकारों ने अपनी सुमधुर भजन प्रस्तुतियों से पूरे स्टेडियम के वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में मुंबई एवं महाराष्ट्र के कोने-कोने से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ बद्रीनाथ वाले महंत जी, पूज्य राजूदास जी महाराज सहित अनेक संत-महात्मा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ राष्ट्र के वीर सपूतों के बलिदान के प्रति कृतज्ञता और उनके परिवारों के साथ खड़े रहने का सशक्त संदेश दे रहा है।

















