छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर बागेश्वर महाराज ने मीडिया से बातचीत के दौरान धार्मिक आयोजनों, संवैधानिक अधिकारों और अपनी भूमिका को लेकर कई महत्वपूर्ण और बेबाक बयान दिए हैं। कथाओं पर रोक लगाए जाने की चर्चाओं पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए बागेश्वर महाराज ने स्पष्ट कहा कि यदि कथा रुकेगी, तो नमाज और चर्च की प्रार्थना भी रुकेगी, क्योंकि संविधान के आधार पर इसे नहीं रोका जा सकता। इसके साथ ही उन्होंने स्वयं को किसी दूत या विशेष पदवी से अलग बताते हुए 'भगवान का दास' करार दिया।

संवैधानिक अधिकारों का हवाला देकर दिया दो-टूक जवाब

मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए बागेश्वर महाराज ने धार्मिक आयोजनों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़े सवालों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलता है और संविधान सभी को अपने धर्म के पालन व आयोजन का समान अधिकार देता है। इसी संदर्भ में उन्होंने दो-टूक कहा कि— "अगर कथा रुकेगी तो नमाज, चर्च की प्रार्थना भी रुकेगी, क्योंकि संविधान के आधार पर यह नहीं रुक सकती।" उनके इस बयान की अब राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में व्यापक चर्चा हो रही है।

'हम भगवान के दास हैं, हमारी भाषा में त्रुटि हो सकती है, भाव में नहीं'

अपनी शैली और बयानों को लेकर उठने वाले सवालों पर भी बागेश्वर महाराज ने विनम्रता और स्पष्टता के साथ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं को कभी भगवान का दूत या विशेष रूप से प्रचारित नहीं किया, बल्कि वे केवल 'भगवान के दास' हैं। ईश्वर की भक्ति और भाव की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बागेश्वर महाराज ने कहा कि— "ठाकुर जी भाव और प्रेम के भूखे हैं। हमारी भाषा में त्रुटि हो सकती है, लेकिन हमारे भाव में कोई त्रुटि नहीं है।" उन्होंने संदेश दिया कि ईश्वर तक पहुंचने का मार्ग शुद्ध प्रेम और समर्पण से होकर जाता है, न कि केवल शब्दों के आडंबर से।