छतरपुर, शिवम सोनी। बुंदेली विकास संस्थान छतरपुर के तत्वावधान में आयोजित होने वाला 27वां बुंदेली उत्सव इस वर्ष 3 दिसंबर गुरुवार से 5 दिसंबर शनिवार तक पर्यटक ग्राम बसारी के राव बहादुर सिंह स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय उत्सव में बुंदेलखंड की लोक कला, संगीत, नृत्य, खान-पान, पारंपरिक खेलकूद और साहित्य-पत्रकारिता से जुड़ी विभूतियों के सम्मान के विविध कार्यक्रम होंगे। आयोजकों के अनुसार, 3 दिसंबर को उद्घाटन समारोह में बागेश्वर महाराज के आने की भी तैयारी है, जिन्हें उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया गया है। शुक्रवार को शहर के एक निजी होटल में पत्रकारवार्ता के दौरान आयोजनकर्ताओं ने कार्यक्रम की जानकारी दी।

बुंदेली उत्सव के कार्यक्रम विवरण के अनुसार, 3 दिसंबर को दोपहर 12 बजे उद्घाटन, रंगोली, लोक चित्रकारी, बच्चों की प्रस्तुति, विराट दंगल, चौपड़ और बुंदेली सिनेमा का प्रदर्शन होगा, जबकि शाम 7 से 8:30 बजे तक कछियाई, दिवारी, अहिरवारी बैठक, बुंदेली कीर्तन, आल्हा, बनरे और सैर के आयोजन रखे गए हैं। 4 दिसंबर को सुबह 10 बजे गिल्ली डंडा, रस्साकशी, मटका दौड़, दोपहर 1 बजे बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता, बुंदेली सिनेमा तथा रात 8:30 बजे बधाई, बुंदेली पोशाक, कहरवा, गारी, लमटेरा, ख्याल, दादरा, गोटे, दलदल घोड़ी, कार्तिक गीत, कांडरा और रावला की प्रस्तुतियां होंगी। वहीं, 5 दिसंबर को सुबह 11 बजे अश्व नृत्य प्रतियोगिता व बुंदेली सिनेमा, दोपहर 2 बजे बुंदेली व्यंजन प्रतियोगिता तथा रात 8:30 बजे कार्तिक गीत, बिलवारी, ढिमरयाई, फाग और राई के विशेष आयोजन के साथ उत्सव का समापन होगा।


शंकर प्रताप सिंह बुन्देला उर्फ मुन्नाराजा के अनुसार इस बार कार्यक्रम को अपेक्षाकृत संक्षिप्त रूप में रखा गया है, क्योंकि आर्थिक संसाधनों और अनुदान की कमी के चलते अधिकांश व्यवस्थाएं स्वयं के स्तर पर जुटानी पड़ रही हैं। उत्सव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिनमें आशा राम त्रिपाठी, काली चरण स्नेही, डॉ. एम.एल. प्रभाकर, राकेश व्यास, विनोद मिश्रा, नारायण सिंह परमार, अरविंद्र तिवारी और डॉ. धर्मेंद्र पारे शामिल हैं। आयोजकों ने क्षेत्र के नागरिकों और परिवारों से अधिक संख्या में पहुंचकर कलाकारों व बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।