ग्वालियर। लोकसभा चुनाव-2029 में टिकट मिलने के सवाल पर ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर दिए गए बयान से मचे सियासी बवाल के बाद मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' (X) पर अपना पक्ष स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि मीडिया से बातचीत के दौरान कही गई उनकी बात किसी अहंकार से प्रेरित नहीं थी, बल्कि यह एक सच्चाई है कि पार्टी ने उन्हें कभी टिकट नहीं दिया, बल्कि हर बार चुनाव लड़ने के लिए राजी किया है। गौरतलब है कि दो दिन पहले ग्वालियर स्टेशन पर पत्रकारों द्वारा आगामी लोकसभा चुनाव में टिकट को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उमा भारती ने तल्ख लहजे में कहा था कि टिकट देने की किसकी औकात है, वे स्वयं तय करती हैं कि चुनाव लड़ना है या नहीं। उनका यह बयान वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर विभिन्न कयास लगाए जाने लगे थे।
टिकट मिलना केवल एक वैधानिक प्रक्रिया, योग्यता और योगदान की क्षमता से मिलती है जिम्मेदारी
सोशल मीडिया पोस्ट में उमा भारती ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के अधिकतर नेता सामान्य परिवारों से निकलकर राष्ट्रीय सेवा के निरंतर तप के जरिए जनता और कार्यकर्ताओं की नजर में ऊंचे उठे हैं, और पार्टी उन्हें इसी आधार पर जिम्मेदारियां सौंपती गई है। उन्होंने कहा कि टिकट मिलना तो केवल चुनाव आयोग के लिए पूरी की जाने वाली एक वैधानिक प्रक्रिया है। पूर्व मुख्यमंत्री के अनुसार, उनकी निजी राय में किसी भी व्यक्ति को चुनावी जिम्मेदारी मिलने में तीन बातें सबसे महत्वपूर्ण होती हैं— व्यक्ति स्वयं, उसकी जरूरत और योगदान देने की क्षमता। जब ये तीनों गुण विद्यमान होते हैं, तो जनता और संगठन के कार्यकर्ता स्वयं ही संबंधित व्यक्ति को हाथों-हाथ उठा लेते हैं।
ये भी पढ़ें




मोहन सरकार से जताया संतोष, शिवराज काल की शराब नीति को बताया बेहतरीन
ग्वालियर स्टेशन पर मीडिया से चर्चा के दौरान उमा भारती ने मध्य प्रदेश सरकार के कामकाज पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा था कि वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बेहद प्रसन्न और संतुष्ट हैं। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि जब तक सभी जनप्रतिनिधि मुख्यमंत्री का साथ नहीं देंगे, तब तक कोई भी मुख्यमंत्री पूरी तरह सफल नहीं हो सकता। सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों और शराब दुकानों के बाहर लगाए गए मेडिकल कैंप पर प्रतिक्रिया देते हुए उमा भारती ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में एक बेहतरीन शराब नीति बन चुकी है, जिसके कॉमा और फुलस्टॉप तक उन्होंने स्वयं तय किए थे। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब पुलिस हर जगह डंडा लेकर नहीं घूम सकती, इसलिए पंच, सरपंच, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक और सांसद तक सभी जनप्रतिनिधियों को अपनी निगरानी की जिम्मेदारी निभानी होगी। इसके साथ ही उन्होंने शराब छोड़ने के इच्छुक लोगों के लिए प्रत्येक जिले में नशा मुक्ति केंद्र खोले जाने की आवश्यकता भी बताई।













