उज्जैन। मध्य प्रदेश में रिश्वतखोरों के विरुद्ध लगातार चल रही कार्रवाई के बीच अब रिश्वत की रकम वसूलने के नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला उज्जैन जिले से गुरुवार को सामने आया, जहां एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) ने शिकायतकर्ता से सीधे पैसे लेने के बजाय बचने के लिए चाय दुकान संचालक को माध्यम बनाया, लेकिन लोकायुक्त पुलिस की टीम ने इस पैंतरे को भी नाकाम करते हुए आरोपी को रंगेहाथ दबोच लिया। गुरुवार को महाकाल परिसर स्थित चाय की दुकान पर 6 हजार रुपये लेते हुए संचालक को पकड़ा गया। यह पूरा प्रकरण तराना थाना क्षेत्र की नैनावद चौकी पर पदस्थ एएसआई मोहनलाल मालवीय से जुड़ा बताया जा रहा है, जिन पर एक परिवार की महिला और युवती को कथित झूठे अपराध में जेल नहीं भेजने के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है, जो बाद में 6 हजार रुपये में तय हुई थी।
गोलवा निवासी ईश्वर राजोरिया की शिकायत पर रचा गया ट्रैप
लोकायुक्त एसपी विनोद कुमार दीक्षित ने बताया कि तराना के गांव गोलवा निवासी ईश्वर राजोरिया ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की योजना तैयार की। आरोप है कि एएसआई मोहनलाल मालवीय ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम सीधे देने के बजाय नैनावद निवासी चाय दुकान संचालक जितेंद्र सिंह देवड़ा को देने के लिए कहा था। गुरुवार को शिकायतकर्ता ने दुकान पर पहुंचकर 6 हजार रुपये दिए और रकम लेते ही लोकायुक्त की टीम ने देवड़ा को रंगेहाथ पकड़ लिया।
चाय दुकानदार ने कबूला— एएसआई के कहने पर ली थी रकम
मामले में अहम पहलू यह है कि रिश्वत की मांग पुलिसकर्मी ने की थी, लेकिन रकम लेने के लिए दूसरे व्यक्ति को आगे रखा गया। पूछताछ के दौरान चाय दुकान संचालक देवड़ा ने कबूल किया कि उसने एएसआई मोहनलाल मालवीय के कहने पर पैसे लिए थे। बताया जा रहा है कि पैसे देने से पहले एएसआई मालवीय ने देवड़ा को फोन कर सूचित किया था कि उसके पास 6 हजार रुपये की राशि पहुंचने वाली है। लोकायुक्त अब यह भी जांच कर रही है कि देवड़ा के माध्यम से पहले और कितने लोगों से मालवीय के कहने पर रिश्वत ली गई थी। लोकायुक्त ने चाय दुकान संचालक जितेंद्र सिंह देवड़ा और एएसआई मोहनलाल मालवीय—दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।














