पन्ना। मध्य प्रदेश की हीरा नगरी पन्ना में देश का पहला और विश्व का दूसरा डायमंड म्यूजियम आकार लेगा। मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम 19.39 करोड़ रुपये की लागत से ऐतिहासिक यादवेंद्र क्लब की इमारत का जीर्णोद्धार कर इसे एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करेगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल ‘विरासत भी और विकास भी’ के तहत पन्ना के जनकपुर में 12.50 हेक्टेयर क्षेत्र में 12.65 करोड़ रुपये की लागत से डायमंड पार्क भी तैयार किया जा रहा है। इन दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर कुल मिलाकर करीब 32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।


10 गैलरियों में दिखेगी हीरे की विकास यात्रा

म्यूजियम में 10 गैलरियों के माध्यम से पन्ना की हीरा संपदा, खनन प्रक्रिया, भूगर्भीय विशेषताओं और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा:

  1. पहली गैलरी: पन्ना की खदानों का स्पर्श आधारित मॉडल और खनन उपकरण।
  2. दूसरी गैलरी: विश्वप्रसिद्ध कोहिनूर और टिफनी हीरों की प्रतिकृतियां।
  3. तीसरी गैलरी: बुंदेला राजवंश का इतिहास और वास्तुकला।
  4. चौथी गैलरी: चिकित्सा, ग्लास कटिंग और कंप्यूटर उद्योग में हीरों के उपयोग।
  5. पांचवीं गैलरी: हीरे की गुणवत्ता और प्रकाश का स्पेक्ट्रम।
  6. छठी गैलरी: किम्बरलाइट चट्टानों के नमूने।
  7. सातवीं गैलरी: हीरों का मूल्यांकन, नीलामी और सिंथेटिक हीरों की पहचान।
  8. आठवीं गैलरी: कटिंग और पॉलिशिंग प्रक्रिया का प्रदर्शन।
  9. नौवीं गैलरी: विश्वप्रसिद्ध हीरे और आभूषण।
  10. दसवीं गैलरी: शाही हीरों व आभूषणों को वर्चुअली पहनकर फोटो खिंचवाने की सुविधा।



म्यूजियम में कोहिनूर, टिफनी और लुकारा हीरों की प्रतिकृतियां रखी जाएंगी। पन्ना स्थित हीरा कार्यालय में बीते 5 वर्षों में 938 कैरेट के 415 हीरे जमा कराए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 11.92 करोड़ रुपये है। वर्तमान में 269 उथली हीरा खदानें हैं तथा राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (NMDC) की 113 और 162 हेक्टेयर क्षेत्र में दो हीरा खदानें संचालित हो रही हैं।


जनकपुर डायमंड पार्क में स्थापित होंगी 126 औद्योगिक इकाइयां

जनकपुर में विकसित किए जा रहे डायमंड पार्क में कुल 126 औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जाएंगी, जिनमें हीरों की कटिंग, पॉलिशिंग और प्रसंस्करण से जुड़ी इकाइयां प्रमुख रूप से शामिल होंगी। डायमंड पार्क और उससे जुड़ी गतिविधियों से करीब 10 हजार लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है। उल्लेखनीय है कि विश्व में नीदरलैंड, बेल्जियम, दक्षिण अफ्रीका, इस्राइल और थाईलैंड जैसे देशों में डायमंड म्यूजियम संचालित हैं।