इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित कृष्णाबाग कॉलोनी में मकानों पर हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों का दर्द और आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। किसी की आंखों में सिर से छत छिन जाने की पीड़ा है, तो किसी के मन में प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्था के प्रति गहरा गुस्सा। रहवासियों का कहना है कि उनके पास मकानों की वैध रजिस्ट्री थी और वे वर्षों से नियमित रूप से संपत्ति कर व जलकर भी जमा कर रहे थे, इसके बावजूद उनके आशियानों को अवैध घोषित कर जमींदोज कर दिया गया। अपने घरों को बचाने के लिए प्रभावित परिवारों ने पार्षद, महापौर से लेकर मंत्री और मुख्यमंत्री तक गुहार लगाई, लेकिन कहीं से भी उन्हें राहत नहीं मिली। पीड़ितों ने जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली और बिल्डर से कथित गठजोड़ को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।


रजिस्ट्री, संपत्ति कर और जलकर जमा करने के बाद भी हुए बेघर

एक पीड़ित रहवासी ने इस पूरी कार्रवाई को भ्रष्टाचार का नमूना बताते हुए कहा कि उनके पास मकान की रजिस्ट्री के साथ-साथ जलकर और संपत्ति कर जमा करने की रसीदें भी मौजूद हैं, फिर भी परिवारों को बेघर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों से वे अलग-अलग जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई। कॉलोनी की एक महिला रहवासी ने बताया कि मकान तोड़ने का पहला नोटिस करीब दो वर्ष पूर्व मिला था। उस समय सभी रहवासी एकजुट होकर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पास सहायता की आस लेकर पहुंचे थे, क्योंकि 'ट्रिपल इंजन' सरकार होने के कारण उन्हें समाधान की उम्मीद थी। महिला का आरोप है कि वे सुबह पांच बजे से मंत्री के आवास के बाहर बैठे रहे, लेकिन आश्वासन मिलने के बजाय उनके सुरक्षाकर्मियों ने रहवासियों के साथ बदसलूकी की और मोबाइल फोन छीन लिए। इस घटना के बाद लोग दोबारा वहां जाने से भी भयभीत होने लगे।



विधायक महेंद्र हार्डिया की चुप्पी और गैर-मौजूदगी पर फूटा गुस्सा

प्रभावित रहवासियों ने स्थानीय विधायक महेंद्र हार्डिया की भूमिका पर भी कड़े सवाल खड़े किए हैं। एक अन्य पीड़ित महिला ने कहा कि मुसीबत के इस सबसे कठिन दौर में विधायक न तो कार्रवाई से पहले उनका हाल जानने पहुंचे और न ही मकान टूटने के बाद पीड़ितों का दर्द सुनने आए। रहवासियों ने आरोप लगाया कि पार्षद, महापौर, मंत्री और मुख्यमंत्री तक फरियाद पहुंचाने के बावजूद उनकी पीड़ा अनसुनी कर दी गई। पीड़ितों का कहना है कि 'नेता नगरी' और श्रीराम बिल्डर के गठजोड़ के कारण उनके आशियाने उजाड़े गए हैं। कार्रवाई के बाद बेघर हुए परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है और महिलाओं का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम से ऐसा प्रतीत होता है कि "झूठ जीत गया और सच हार गया" तथा पूरा तंत्र बिल्डर के समर्थन में खड़ा है।