सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर शहर में बुधवार शाम एक युवक की सरेराह दौड़ा-दौड़ाकर निर्मम हत्या किए जाने से पूरे इलाके में सनसनी और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है। यह सनसनीखेज वारदात पुलिस अधीक्षक (एसपी) बंगले के समीप हुई। मृतक के बेटे ने इस वारदात में पांच लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है। प्रारंभिक जांच में मस्जिद कमेटी के मकान निर्माण और पड़ोस में गेट निकालने को लेकर उपजे विवाद की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।


विवाद में बीच-बचाव करने गए थे लईक कुरैशी, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान शहर के माता मंदिर क्षेत्र के निवासी 45 वर्षीय लईक कुरैशी के रूप में हुई है। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल लईक को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। लईक की मौत की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और परिचितों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे वहां तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। परिजनों के मुताबिक, पड़ोस में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था और लईक कुरैशी केवल बीच-बचाव कर मामला शांत कराने के लिए वहां गए थे, लेकिन इसी दौरान हमलावरों ने उन पर ही जानलेवा हमला बोल दिया।


मृतक के बेटे ने 5 लोगों पर लगाया घेरकर हत्या करने का आरोप, पुलिस कर रही तलाश

मृतक लईक के बेटे ने आरोप लगाया है कि पांच लोगों ने मिलकर उनके पिता को चारों तरफ से घेर लिया और उन पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। बेटे द्वारा लगाए गए आरोपों में अयान, बड्डू खां, नौशाद और सलीम सहित कुल पांच लोगों के नाम सामने आए हैं।


वहीं, मृतक के बड़े पिता ने बताया कि पड़ोस में किसी व्यक्ति द्वारा गेट निकाल लिए जाने और मस्जिद कमेटी के मकान निर्माण को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो रही थी, जिसे सुलझाने के प्रयास में लईक की जान चली गई। दूसरी ओर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। परिजनों से प्रारंभिक चर्चा में दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद होने की जानकारी भी मिली है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है और वारदात को अंजाम देने वाले फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।