भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार जमीनी हकीकत को पता कर उस पर आगामी योजना बनाने के लिए मंत्रियों और विधायकों का चिंतन शिविर करने जा रही है। यह चिंतन शिविर दो दिवसीय होगा और दिसंबर माह में इसे आयोजित किया जाने वाला है। इसकी रूपरेखा कैबिनेट की बैठक में बनी। राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप ने कैबिनेट बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक हुई है, जिसमें कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2047 तक मध्य प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की दिशा में प्रयास जारी है। इसी क्रम में 2 दिसंबर को मुख्य सचिव से लेकर सचिव और विभागीय अधिकारी नीति चिंतन करेंगे, यह बैठक आठ सत्रों में होगी, जिसमें योजनाओं की समीक्षा और अन्य चर्चाएं प्रस्तावित है। अधिकारियों की इस बैठक से आए सुझावों पर आगे चर्चा होगी।
21 और 22 दिसंबर को मंत्रियों और विधायकों का दो दिवसीय चिंतन शिविर होगा। इस शिविर में अधिकारियों की बैठक से आए नतीजे पर मंथन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए टीकाकरण अभियान चला है। इस मामले में मध्य प्रदेश का प्रदर्शन अच्छा है जहां शत प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है। इसके साथ ही राज्य ने देश के प्रथम पांच राज्यों में अपना स्थान बनाया है।
राज्य की आय के स्रोत बढ़ाने के लिए भी सरकार प्रयासरत है इसी क्रम में खनिज निगम लिमिटेड को सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान में खनिज से राज्य सरकार को 12 हजार करोड़ का राजस्व मिलता है जिसे बढ़ाकर 30 हजार करोड़ तक ले जाने की योजना है। इसके लिए खनिज निगम लिमिटेड द्वारा सर्वे कराया जाएगा और अन्य प्रयास किए जाएंगे। राज्य सरकार ने ऊर्जा के क्षेत्र में भी कई बड़े फैसले लिए हैं और जनजातीय क्षेत्र के उत्पाद को जीआई टैग दिलाने के प्रयास जारी हैं।













