भोपाल। मध्य प्रदेश में सोमवार को भोपाल और इंदौर में मकानों को ध्वस्त किए जाने की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दोनों शहरों में हुई कार्रवाई पर भाजपा सरकार को घेरते हुए सवाल उठाया कि गरीबों को घर देने का वादा करने वाली सरकार आखिर उन्हीं परिवारों को बेघर क्यों कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मकान तोड़ने से पहले प्रभावित परिवारों के लिए वैकल्पिक आवास, आर्थिक सहायता, रोजगार और पुनर्वास की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। पीसीसी चीफ ने चेतावनी दी है कि कांग्रेस पार्टी गरीबों को बेघर करने की इस कार्रवाई का निर्णायक और मुखर विरोध करेगी।


भोपाल के ऐशबाग में 599 जनता क्वार्टर और इंदौर की कृष्णाबाग कॉलोनी में 62 मकानों पर चली कार्रवाई

सोमवार को भोपाल के ऐशबाग स्थित मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड के लगभग चार दशक पुराने 599 जनता क्वार्टरों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई। नगर निगम ने वर्ष 2016 में इन भवनों को जर्जर घोषित किया था। लगभग 600 क्वार्टर वाले इस परिसर में करीब 3,000 लोग निवासरत हैं। प्रशासन व हाउसिंग बोर्ड के अनुसार, जर्जर भवनों को हटाकर यहां बहुमंजिला आवासीय परिसर विकसित किया जाना है, जिसमें पात्र आवंटियों को पुनर्निर्माण के बाद नए आवास और निर्माण अवधि के दौरान किराये की सहायता का प्रावधान है। हालांकि, प्रभावित आवंटी ने प्रस्तावित किराये को वर्तमान बाजार दरों के मुकाबले अपर्याप्त बताया है। कार्रवाई रोकने के लिए मामला मध्यप्रदेश हाईकोर्ट भी पहुंचा, जहां अदालत ने व्यापक ध्वस्तीकरण पर रोक से इनकार कर दिया, लेकिन एक आवंटी के मकान को अगली सुनवाई तक अंतरिम राहत दी है।


इंदौर के एमआर-10 क्षेत्र स्थित कृष्णाबाग कॉलोनी में 62 मकानों को हटाने की कार्रवाई भूमि विवाद से जुड़ी है। यह प्रकरण खजराना गांव की जमीन से संबंधित है, जिस पर श्रीराम बिल्डर्स और स्थानीय रहवासियों के बीच वर्ष 2003 से विवाद चल रहा था। राजस्व अधिकारियों से लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक चली न्यायिक प्रक्रिया के बाद 62 मकानों के बेदखली आदेश अंतिम हो चुके थे, जिसके आधार पर नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू की। वहीं, हाईकोर्ट से 19 रहवासियों को अंतरिम राहत मिली है, जिन्हें फिलहाल बेदखल नहीं करने के आदेश दिए गए हैं।


जीतू पटवारी का सीएम डॉ. मोहन यादव पर निशाना

दोनों शहरों की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए जीतू पटवारी ने सरकार की गरीब और मध्यम वर्ग संबंधी आवास नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जिन घरों में परिवारों की पीढ़ियां गुजरी हैं और जिन दुकानों से लोगों की रोजी-रोटी चलती है, उन्हें हटाने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए थी। जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रभावित परिवारों के लिए न तो आवास का पर्याप्त इंतजाम किया गया है, न रोजगार की चिंता है और न ही आर्थिक सहायता व पुनर्वास की कोई ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने पूछा कि "क्या गरीब परिवार सरकार के लिए केवल आंकड़े हैं?" उन्होंने स्पष्ट किया कि गरीबों को बेघर करने की कार्रवाई कतई स्वीकार्य नहीं है और कांग्रेस इसका निर्णायक एवं मुखर विरोध करेगी।