अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में सेना के एक जवान और उसके सगे भाई समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हृदयविदारक दुर्घटना कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत छूलहा गांव के पास सुबह करीब 4 बजे हुई, जहां एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। मृतकों में दो सगे भाइयों के अलावा बोलेरो का मालिक भी शामिल है।
दोस्त की शादी के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहा था सेना का जवान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की शिनाख्त धनगवां निवासी दीनबंधु विश्वकर्मा (36), उनके छोटे भाई विनीत विश्वकर्मा (26) और बोलेरो मालिक मोहम्मद करीम (32) के रूप में हुई है। विनीत भारतीय सेना में जवान के पद पर पदस्थ थे और छत्तीसगढ़ के रायपुर में अपने एक दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहे थे। इस दुर्घटना में धनगवां निवासी राजू तिवारी पिता सुरेश तिवारी (30) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें अनूपपुर जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद नाजुक स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है।
ये भी पढ़ें




तड़के 3 बजे ट्रेन से उतरकर बोलेरो से जा रहे थे घर, एक घंटे बाद हुआ हादसा
मृतक विनीत के पिता जयकरण विश्वकर्मा ने बताया कि उनका सबसे छोटा बेटा विनीत सेना में देश सेवा कर रहा था और दोस्त की शादी के लिए छुट्टी पर घर आ रहा था। सोमवार तड़के करीब 3 बजे वह ट्रेन से स्टेशन पहुंचा था, जिसके बाद बोलेरो वाहन से अपने गांव धनगवां के लिए रवाना हुआ। वाहन में उसके साथ बड़ा भाई दीनबंधु और दोस्त राजू तिवारी भी सवार थे। घर पहुंचने से पहले ही करीब 4 बजे छूलहा गांव के समीप यह भीषण हादसा हो गया।
सुबह 5:30 बजे परिजनों को मिली मनहूस खबर, पुलिस जांच में जुटी
परिजनों के मुताबिक, पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे उन्हें इस दुर्घटना की सूचना दी, जिसके बाद बदहवास परिवार के लोग घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे। हादसे की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को जिला अस्पताल भिजवाया था, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों शवों को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया है और सहायता केंद्र में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम की कार्यवाही के साथ ही पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।










