सागर /देवरी, त्रिवेन्द्र जाट। सागर जिले की देवरी तहसील अंतर्गत महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम समनापुर साहजू के आफतगंज टोला में अवैध शराब के निर्माण और भंडारण के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर आबकारी टीम और महाराजपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से गांव में दबिश देकर करीब 1 लाख 60 हजार रुपये कीमत का 1500 किलो महुआ लाहन मौके पर नष्ट किया और 20 लीटर कच्ची शराब जब्त की।
आबकारी सहायक जिला अधिकारी पूजा चंद्रन वर्मा ने बताया कि आफतगंज टोला में लंबे समय से अवैध रूप से महुआ शराब बनाने और उसका भंडारण करने की सूचना मिल रही थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आबकारी विभाग की टीम ने महाराजपुर थाना प्रभारी अजय भदौरिया और पुलिस बल के साथ गांव में छापामार कार्रवाई की। दबिश के दौरान कुछ घरों में छिपाकर रखा गया लगभग 1500 किलो महुआ लाहन बरामद हुआ, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।
ये भी पढ़ें




अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। भविष्य में भी ऐसी शिकायतें मिलने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। संयुक्त टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।










