छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के ओरछा रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हतना में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे किसान और उनका 10 वर्षीय बेटा ट्रैक्टर सहित करीब 70 फीट गहरे कुएं में जा गिरे। हादसे में दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार, किसान संतोष यादव (35) अपने 10 वर्षीय बेटे दुर्गेश यादव के साथ रविवार शाम करीब 4 बजे जंगल हार स्थित खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खेत में बने कुएं में जा गिरा। कुएं में करीब 20 फीट पानी भरा हुआ बताया जा रहा है।


हादसे के दौरान किसान की 12 वर्षीय बेटी राशि खेत में मौजूद थी। उसने अपने पिता और भाई को ट्रैक्टर सहित कुएं में गिरते देखा, जिसके बाद चीख-पुकार मचाते हुए परिजनों को सूचना दी। खेत में पानी दे रहे संतोष यादव के बड़े भाई देशराज यादव दौड़कर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस करीब 4:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद ट्रैक्टर और कुएं में गिरे पिता-पुत्र को बाहर निकालने के लिए क्रेन मशीन बुलवाई गई। शाम करीब 5 बजे से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कुआं लगभग 70 फीट गहरा होने और उसमें पानी भरा होने के कारण रेस्क्यू में कठिनाई आ रही है। अभी भी दोनों के शव कुएं से बाहर नहीं निकाले जा सके और बचाव कार्य जारी था।

मृतक का 10 वर्षीय बेटा दुर्गेश कक्षा 3 में पढ़ता था। परिवार में दो बेटियां आयुषी (14) और राशि (12) हैं। दुर्गेश दोनों बहनों का इकलौता भाई था। पिता और इकलौते भाई को एक साथ खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। मौके पर गोताखोर,ओरछा थाना पुलिस बल है साथ ही,क्रेन मशीन से रेस्क्यू जारी है।