भोपाल। मध्य प्रदेश में तेजी से बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुविधा के हित में एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं राहत भरा आदेश जारी किया है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने प्रदेश के समस्त सरकारी और निजी (प्राइवेट) विद्यालयों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सर्दी के मौसम में यूनिफॉर्म या ड्रेस कोड के नियमों के नाम पर किसी भी छात्र-छात्रा को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। लोक शिक्षण संचालक डी.एस. कुशवाहा ने इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को पत्र जारी कर आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़ें




अलग-अलग रंग के स्वेटर पहनने पर कक्षा में बैठने से नहीं रोक सकेंगे स्कूल
लोक शिक्षण संचालक डी.एस. कुशवाहा द्वारा जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि ठंड से बचाव के लिए विद्यार्थियों को स्कूल ड्रेस के ऊपर किसी भी रंग का स्वेटर, जैकेट या गर्म कपड़े पहनने की पूरी छूट रहेगी। अक्सर निजी और शासकीय स्कूलों में निर्धारित रंग का स्वेटर न होने पर विद्यार्थियों को दंडित करने या कक्षा से बाहर खड़ा करने की शिकायतें सामने आती हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए डीपीआई ने सख्त हिदायत दी है कि यदि कोई विद्यार्थी अलग-अलग रंग के स्वेटर पहनकर स्कूल आता है, तो उसे किसी भी स्थिति में क्लासरूम में बैठने से न रोका जाए।

क्लासरूम के बाहर जूते-चप्पल उतारने की बाध्यता भी हुई समाप्त
तेज ठंड के मौसम में फर्श के अत्यधिक ठंडा रहने से बच्चों के बीमार पड़ने की आशंका को ध्यान में रखते हुए विभाग ने एक और बड़ी राहत दी है। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि अब स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए क्लासरूम के बाहर जूते या चप्पल उतारना अनिवार्य नहीं होगा। बच्चे कक्षा के भीतर भी जूते-चप्पल पहनकर बैठ सकेंगे। यह निर्देश मध्य प्रदेश के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा, और नियमों की अवहेलना करने वाले स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

















