टीकमगढ़/पलेरा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को टीकमगढ़ जिले के पलेरा नगर पहुंचे, जहां उन्होंने जतारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरिशंकर खटीक के निज निवास पर पहुंचकर उनकी दिवंगत माताजी श्रीमती रामबाई खटीक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। इस दुख की घड़ी में मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें आत्मीय सांत्वना दी और दिवंगत पुण्यात्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।


विधायक हरिशंकर खटीक व परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस, जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद

पलेरा स्थित विधायक आवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जतारा विधायक हरिशंकर खटीक तथा परिवार के अन्य सदस्यों से आत्मीय भेंट कर अपनी संवेदनाएं साझा कीं और सभी को ढांढस बंधाया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री के इस प्रवास के दौरान स्थानीय विधायकगण, अन्य जनप्रतिनिधि तथा जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।