शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कांधला थाना क्षेत्र स्थित गांव एलम में उस समय बेहद अजीबोगरीब और नाटकीय स्थिति उत्पन्न हो गई, जब उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक युवती अपने परिजनों के साथ सीधे अपने प्रेमी के दरवाजे पर बारात लेकर पहुंच गई। सात साल पुराने प्रेम संबंध को शादी के मुकाम तक पहुंचाने के लिए युवती अपनी मां और बहन सहित कुल नौ परिजनों के साथ युवक के घर पहुंची। सभी के हाथों में एक बैनर था, जिस पर स्पष्ट शब्दों में लिखा था—'दुल्हन लेकर आई बरात'। अचानक दुल्हन पक्ष के बारात लेकर पहुंचने से प्रेमी युवक के घर में हड़कंप मच गया, वहीं इस अनोखी बारात को देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
ये भी पढ़ें




प्राप्त जानकारी के अनुसार, देहरादून निवासी युवती बीएससी की छात्रा है, जबकि गांव एलम निवासी युवक मर्चेंट नेवी में तैनात है। युवती का दावा है कि दोनों के बीच पिछले करीब सात वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा है और इस दौरान शादी को लेकर भी बातचीत होती रही है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच संवाद बंद था। इसी बीच युवती को भनक लगी कि उसके प्रेमी की शादी गाजियाबाद में किसी दूसरी लड़की से तय कर दी गई है। ग्रामीणों के मुताबिक, युवक के घर में शुक्रवार को मढ़ा की रस्म थी और शनिवार को गाजियाबाद के लिए बारात जानी थी।
प्रेमी की दूसरी जगह शादी होने की खबर मिलते ही युवती ने अपने परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी और सीधे एलम गांव पहुंचकर युवक के घर के बाहर डेरा डाल दिया। दूसरी ओर, युवक के परिजनों ने इस रिश्ते को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि युवक उस लड़की के साथ शादी नहीं करना चाहता है। क्षेत्र में चर्चा का विषय बने इस घटनाक्रम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बताया कि कांधला थाना क्षेत्र के गांव एलम से घटना की सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों की बात सुनकर पूरे मामले की वास्तविकता की जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

















