भोपाल / इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के हित में अपनी एक और बड़ी घोषणा को धरातल पर उतार दिया है। मुख्यमंत्री के संकल्प के अनुरूप मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने वर्ष 2027 के लिए अपना प्रस्तावित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है, जिसके तहत अब राज्य सेवा परीक्षा एक वर्ष में दो बार आयोजित की जाएगी।

इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, "हमने घोषणा की थी कि युवा वर्ष 2027 में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की राज्य सेवा परीक्षा वर्ष में दो बार आयोजित की जाएगी। आज इस संकल्प को धरातल पर उतारते हुए वर्ष 2027 का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया गया है।"

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह कदम प्रदेश के युवाओं को अपनी तैयारी की बेहतर योजना बनाने और अपने सपनों को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार प्रदेश में पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने MPPSC की तैयारी कर रहे सभी अभ्यर्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उन्हें पूरे आत्मविश्वास, लगन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

OrderCopy


कैलेंडर की प्रमुख तिथियां एक नजर में आयोग द्वारा 20 नवंबर 2026 को जारी किए गए प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वर्ष 2027 में कुल 25 प्रमुख परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी:

  • पहली राज्य सेवा परीक्षा: प्रारंभिक परीक्षा 24 जनवरी 2027 को और मुख्य परीक्षा 10 मई से 15 मई 2027 तक होगी।
  • दूसरी (विशेष) राज्य सेवा परीक्षा: प्रारंभिक परीक्षा (विशेष) 2 मई 2027 को तथा मुख्य परीक्षा (विशेष) 9 अगस्त से 14 अगस्त 2027 तक आयोजित की जाएगी।
  • अन्य प्रमुख परीक्षाएं: राज्य अभियांत्रिकी सेवा (14 फरवरी), राज्य पात्रता 'सेट' परीक्षा (7 मार्च), राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा (25 अप्रैल), सहायक प्राध्यापक व ग्रंथपाल परीक्षा (4 जुलाई)तथा कराधान सहायक परीक्षा (26 सितंबर)की तिथियां भी घोषित कर दी गई हैं।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह परीक्षा कार्यक्रम पूर्णतः संभावित है और संबंधित विभागों से मांगपत्र प्राप्त होने के उपरांत विज्ञापन जारी कर चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।