छतरपुर/राजनगर। राजनगर क्षेत्र के रनेहफॉल रोड पर हकीमपुरा के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान हकीमपुरा निवासी सुमित यादव (पिता सुखवीर यादव) के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुमित राजनगर से कोचिंग पढ़कर स्कूटी से अपने घर हकीमपुरा लौट रहा था। इसी दौरान रेनफाल रोड पर हकीमपुरा के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही हकीमपुरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। कम उम्र में छात्र की असमय मौत से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में मातम का माहौल है। एक ही हादसे ने परिवार की खुशियां उजाड़ दीं और ग्रामीणों को गमगीन कर दिया।