छतरपुर, संदीप यादव। जिले में देवउठनी ग्यारस की रात आतिशबाजी के दौरान हुए चार अलग-अलग हादसों में दो बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए। पटाखे फटने से दोनों बच्चों के चेहरे और आंख पर चोट आई है, जबकि युवक और युवती के हाथ की उंगलियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां बर्न वार्ड में उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, पहला हादसा बजरंग नगर कॉलोनी में हुआ, जहां 11 वर्षीय यश दुबे रात में पटाखे चलते समय पास खड़ा था। इसी दौरान एक पटाखा उसके चेहरे पर आ गिरा और फट गया। इससे उसके चेहरे और आंख में चोट आई है तथा उसकी आंख की रोशनी भी प्रभावित हुई है। दूसरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सौरा रोड का है, जहां 10 वर्षीय अरशद खान अपनी बहन और उसकी सहेलियों के पटाखे चलाते समय पास खड़ा था। पटाखा चेहरे के पास फटने से वह घायल हो गया।

तीसरा मामला महाराजपुर थाना क्षेत्र का है, जहां 20 वर्षीय मौली सोनी स्काई शॉट चलाते समय हादसे का शिकार हो गईं। पटाखा हाथ में ही फटने से उनके हाथ की उंगलियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। वहीं चौथा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के देरी रोड स्थित विद्यापुरम कॉलोनी का है, जहां 22 वर्षीय सचिन अहिरवार के हाथ में पटाखा फटने से हाथ और उंगलियों में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद उनकी बहन सीता अहिरवार उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचीं।

ये घटनाएं आतिशबाजी के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही को उजागर करती हैं। बच्चों के पास पटाखे जलाने और हाथ में पटाखे पकड़कर चलाने से गंभीर चोट लगने का खतरा बना रहता है।