भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सर्दी के बीच चक्रवाती तूफान 'अकवान' के असर और बढ़ती नमी के कारण मौसम का मिजाज बदल गया है, जिससे ठंड पर अस्थायी विराम लगा है। भोपाल के न्यूनतम तापमान में 1.5 डिग्री और अधिकतम तापमान में 1.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अगले दो-तीन दिन तापमान में हल्की बढ़ोतरी का क्रम बने रहने से दिन में सर्दी का असर कुछ कम रह सकता है, हालांकि सुबह-शाम ठंडक बनी रहेगी और तीन दिन बाद पारे में फिर गिरावट आने की संभावना है।


दूसरी ओर, देवउठनी एकादशी पर हुई आतिशबाजी और ठंड के कारण भोपाल की हवा बेहद खराब हो गई है। शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 160 से बढ़कर 390 तक पहुंच गया है, जिससे सांस और हृदय रोगियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।


अकवान तूफान से कमजोर पड़ी उत्तरी हवाएं; 28 डिग्री अधिकतम और 10.5 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान

बीते तीन-चार दिनों से उत्तरी हवाओं के प्रभाव से सर्दी बढ़ रही थी और पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया था। अब चक्रवाती तूफान 'अकवान' के कारण बादलों की मौजूदगी और नमी बढ़ने से रात में सर्द उत्तरी हवाओं का असर कमजोर हुआ है। सुबह 8 बजे न्यूनतम दृश्यता 2,000 मीटर रही, जबकि दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। भोपाल का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो पिछले दो दिनों की तुलना में डेढ़ डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार, आगे मौसम के शुष्क रहने की स्थिति के बीच छत्तीसगढ़ की ओर बने लो-प्रेशर सिस्टम के प्रभाव से आंशिक बादल दिखे हैं। आने वाले दो दिनों में बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है, जिसके बाद तापमान में गिरावट आ सकती है।


40 से अधिक इलाकों में खराब हुई हवा, करीब 10 क्विंटल पटाखा कचरा जमा

देवउठनी एकादशी पर हुई आतिशबाजी के चलते सड़कों व कॉलोनियों में करीब 10 क्विंटल बारूद और पटाखों का कचरा जमा हो गया। हवा की धीमी रफ्तार और ठंड के कारण प्रदूषक कण निचली सतह के करीब टिके रहेंगे, जिससे अगले करीब 8 दिनों तक हवा की गुणवत्ता प्रभावित रह सकती है। 21 नवंबर को शहर के 40 से अधिक इलाकों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक पाया गया और सुबह-शाम धुंध व धुएं से दृश्यता घटने के साथ आंखों में जलन, खांसी व सांस फूलने के मामले बढ़े हैं। श्वास रोग विशेषज्ञ डॉ. लोकेन्द्र दवे ने कहा कि ठंड और बारूद के धुएं से श्वास नली में सूजन व जकड़न बढ़ती है। अस्थमा और सांस के मरीज सुबह-शाम बाहर निकलने से बचें, नियमित रूप से इनहेलर व दवाएं लें, मास्क का उपयोग करें तथा सांस फूलने या सीने में दर्द होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।