पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में वन सुरक्षा पखवाड़े के तहत वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक एकड़ वनभूमि को कब्जामुक्त कराया है। दक्षिण पन्ना वनमंडल की शाहनगर रेंज अंतर्गत बिहरिया बीट में वन अमले ने जमीन पर बनाई गई बाड़ और पत्थर की दीवार को हटाकर वनभूमि को सुरक्षित किया। वन विभाग के मुताबिक, अतिक्रमणकारियों द्वारा इस वनभूमि पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी।
नियमित गश्त के दौरान सामने आया अवैध कब्जा
वन विभाग के अनुसार, नियमित गश्त और निगरानी के दौरान बिहरिया बीट की वनभूमि पर बाड़ लगाने और पत्थर की दीवार खड़ी कर कब्जा करने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटाया। दक्षिण पन्ना वनमंडल में 12 से 24 नवंबर 2026 तक वन सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस विशेष अभियान के दौरान पूरे वनमंडल क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई है और वनभूमि पर अतिक्रमण, पेड़ों की अवैध कटाई तथा वन्यजीवों के शिकार जैसी गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है।
वन अधिकारियों, बीट प्रभारियों और सुरक्षा श्रमिकों की संयुक्त टीम ने दिया कार्रवाई को अंजाम
अतिक्रमण हटाने की इस मुहिम में वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा श्रमिकों की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम में मरहा परिक्षेत्र सहायक आर.पी. सिंह पटेल, देवरा बीट प्रभारी विनोद कुमार वर्मा, मरहा बीट प्रभारी प्रकाश कुमार गुप्ता और रैगुवां बीट प्रभारी आशीष कुमार पाण्डेय मुख्य रूप से शामिल थे। इसके अतिरिक्त ताला बीट गार्ड उदयभान सिंह, बिहरिया बीट गार्ड के.के. गुप्ता, धौवापुरा बीट गार्ड दुर्गा सिंह और वन सुरक्षा समिति के सुरक्षा श्रमिकों ने भी मौके पर पहुंचकर वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
















