कोटा (राजस्थान)। राजस्थान के कोटा जिले में रविवार देर रात एक बेहद हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें एक ही परिवार के नौ सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह भीषण दुर्घटना कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर नाता थाना क्षेत्र अंतर्गत शंभूपुरा गांव के समीप रात करीब एक बजे हुई। मृतकों में मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और खाटू श्यामजी के दर्शन कर खुशी-खुशी घर लौट रहे परिवार की यात्रा मातम में बदल गई।
तीन गाड़ियों में दर्शन को निकले थे 35 परिजन, खड़े ट्रक में जा भिड़ी क्रूजर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के रहने वाले एक ही परिवार और रिश्तेदारों के कुल 35 सदस्य मंगलवार को राजस्थान स्थित खाटू श्यामजी के दर्शन करने के लिए तीन गाड़ियों में सवार होकर निकले थे। दर्शन करने के पश्चात सभी लोग शनिवार को वापस महाराष्ट्र लौट रहे थे। इन्हीं में से एक क्रूजर गाड़ी में करीब 14 से 15 सदस्य सवार थे। रात करीब एक बजे जब यह वाहन कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा के नजदीक पहुंचा, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार क्रूजर हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा भिड़ी।
ये भी पढ़ें




गाड़ी के उड़े परखच्चे, रेस्क्यू कर घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर बैठे कई यात्री वाहन में ही फंस गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद नौ लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह घायलों का सघन उपचार जारी है।
ड्राइवर को नींद की झपकी आने की आशंका, मौके पर पहुंचीं एसपी तेजस्वनी गौतम
भीषण हादसे की सूचना मिलते ही कोटा सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। उधर, इस हृदयविदारक दुर्घटना में एक साथ नौ लोगों की मौत की खबर पहुंचते ही महाराष्ट्र में उनके परिजनों और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य नेताओं ने कोटा सड़क हादसे में हुई मौतों पर जताया दुख
राजस्थान के कोटा में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुख जताया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर पोस्ट किया, "कोटा, राजस्थान में हुए भीषण सड़क हादसे का समाचार अत्यंत दुखद है। इस हृदयविदारक हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने एक्स पर लिखा, "कोटा-उदयपुर हाईवे पर हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के अनेक लोगों के देहावसान का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोगों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं, ईश्वर उन्हें इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा, "कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास सड़क हादसे में हुई जनहानि का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकसंतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने एक्स पर पोस्ट किया, "कोटा-उदयपुर राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस दुःखद हादसे में जान गंवाने वाले सभी दिवंगतों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करती हूं।"
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने एक्स पर पोस्ट किया, "कोटा- उदयपुर नेशनल हाईवे - 52 पर शंभूपुरा गांव के समीप हुए एक भीषण सड़क हादसे में खाटूश्याम जी के दर्शन कर लौट रहे एक ही परिवार के कई श्रद्धालुओं की मृत्यु होना बेहद दुखद है। इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करें एवं दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।"
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने एक्स पोस्ट में कहा, "राजस्थान के कोटा-उदयपुर हाईवे पर हुए एक भीषण हादसे में महाराष्ट्र के धुले से आए तीर्थयात्रियों की दुखद मौत अत्यंत पीड़ादायक है। इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी तीर्थयात्रियों को भावभीनी श्रद्धांजलि। हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, और हम उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"
राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति ने जताया दुख, पीएम मोदी ने पीड़ित परिवारों के लिए की आर्थिक सहायता की घोषणा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के कोटा में खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे 9 श्रद्धालुओं की मौत पर शोक व्यक्त किया है। साथ ही, उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री मोदी ने पीड़ित परिवारों को 2-2 लाख रुपए का मुआवजा देने की भी घोषणा की है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "कोटा, राजस्थान में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं मृतकों के परिवारजनों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने लिखा, "राजस्थान के कोटा में सड़क हादसे में हुई लोगों की दुखद मौत से मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि उन्हें इस भारी दुख को सहने की शक्ति मिले। मैं इस हादसे में घायल हुए सभी लोगों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना करता हूं।"
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, हादसे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान के कोटा में हुई एक दुखद घटना में लोगों की जान जाने की खबर से बहुत पीड़ा हुई। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हों।
इसके साथ ही, प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।
















