बांदा, अनवर रजा। मटौंध कस्बा के बैबे थोक मोहल्ला में सोमवार रात शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बारात निकासी के दौरान एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने दूल्हे के चचेरे भाई को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शादी समारोह की रस्में और डीजे-ढोल बाजे थम गए तथा मौके पर कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, बैबे थोक मोहल्ला निवासी राजू रैकवार के पुत्र कोमल रैकवार की बारात निकासी का आयोजन था। दूल्हा कार में सवार था और बाराती डीजे की धुन पर नाचते-गाते कस्बा से करीब 500 मीटर दूर स्थित डीसी लॉज की ओर बढ़ रहे थे। रात करीब 9:30 बजे हिंदुस्तान पेट्रोल पंप के पास कबरई की दिशा में जा रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने दूल्हे के चचेरे भाई कल्लू रैकवार को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक के पहियों के नीचे आने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला। अचानक हुए इस हादसे से बारातियों और परिजनों में चीख-पुकार मच गई तथा शादी का जश्न पल भर में शोक में बदल गया। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस फरार ट्रक और चालक की तलाश कर रही है।