छतरपुर/लवकुश नगर, जावेद खान। नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान क्राइस्ट ज्योति स्कूल में विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता को मंच देने के उद्देश्य से एक भव्य विज्ञान प्रदर्शनी (साइंस एग्जीबिशन) का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय की सभी कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

प्रदर्शनी के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कक्षा के स्तर के अनुसार विज्ञान, पर्यावरण, अंतरिक्ष और आधुनिक तकनीक से जुड़े कई आकर्षक व ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। इन सभी प्रोजेक्ट्स के बीच बच्चों द्वारा बनाया गया 'चंद्रयान' का वर्किंग मॉडल मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा, जिसकी सटीक प्रस्तुति और कार्यप्रणाली ने हर किसी को खासा प्रभावित किया। इसके अतिरिक्त अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों ने भी दैनिक जीवन में विज्ञान की उपयोगिता पर आधारित बेहद सुंदर प्रोजेक्ट्स तैयार किए।

कार्यक्रम में उपस्थित विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और अतिथियों ने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर बच्चों के मॉडलों का बारीकी से अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने भी पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने प्रोजेक्ट्स की कार्यविधि और उनके उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अतिथियों और शिक्षकों ने बाल वैज्ञानिकों के नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक समझ भी विकसित होती है। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।