रायपुर/छत्तीसगढ़ (रोहित तिर्की) - छत्तीसगढ़ में पिछले कई दिनों से जारी पटवारियों की राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार स्थगित हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ हुई सकारात्मक चर्चा और मांगों पर विचार करने के आश्वासन के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की है।

22 नवंबर को मुख्यमंत्री निवास में पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पटवारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए संवाद और आपसी समझ को जरूरी बताया।

मुख्यमंत्री ने पटवारियों की वेतन विसंगति एवं पदोन्नति संबंधी मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। समिति संबंधित मांगों के विभिन्न पहलुओं का परीक्षण कर उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने हड़ताल अवधि के दौरान पटवारियों के खिलाफ हुई कार्यवाहियों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया है। सरकार के इस सकारात्मक रुख के बाद पटवारी संघ ने अपनी राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया।

पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मांगों पर सकारात्मक पहल करने और उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश देने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

अब निगाहें उच्चस्तरीय समिति पर

हड़ताल स्थगित होने के बाद पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़ी मांगों के समाधान को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं। हालांकि, मांगों पर अंतिम निर्णय उच्चस्तरीय समिति की अनुशंसाओं और शासन के आगामी फैसले पर निर्भर करेगा।