उमरिया, तपस गुप्ता। शहडोल-उमरिया राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 पर मोर्चा फाटक और घुनघुटी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था एक बार फिर चरमरा गई। सड़क निर्माण और चौड़ीकरण का काम करीब 11 साल से चल रहा है, लेकिन बीती रात हुई बारिश ने निर्माणाधीन मार्ग की बदहाली सामने ला दी। सड़क पर जमा कीचड़ में कई वाहन फंस गए, जिससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
रातभर वाहन रेंगते रहे और यात्री बसों से लेकर छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों तक को जाम में जूझना पड़ा। शहडोल से उमरिया और पाली की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। बसों में सफर कर रहे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी।
करीब 11 साल से जारी निर्माण कार्य के दौरान कई मौसम और जिम्मेदारियां बदलीं, लेकिन सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है। बारिश होते ही कीचड़ और जाम इस मार्ग की आम समस्या बन गई है। स्थानीय स्तर पर आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं के बीच निर्माणाधीन हिस्सों की खराब स्थिति रात में सफर को और जोखिम भरा बना देती है।
ये भी पढ़ें




घुनघुटी चौकी प्रभारी शैलेंद्र सिंह के अनुसार पूरी रात रुक-रुककर जाम लगता रहा। पुलिस टीम ने बीच-बीच में यातायात खुलवाया, लेकिन वाहनों के दबाव और सड़क की खराब स्थिति के कारण जाम बार-बार लगता रहा। पुलिस की भूमिका यातायात संभालने और फंसे वाहनों को निकालने तक सीमित रही, जबकि सड़क सुधार की जिम्मेदारी निर्माण एजेंसी और संबंधित विभागों की है।
इस मार्ग से जनप्रतिनिधि, विपक्ष के नेता, मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी नियमित रूप से गुजरते हैं। विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के दावों के बीच एक रात की बारिश ने निर्माण व्यवस्था की जमीनी तस्वीर सामने रख दी। जब तक निर्माण कार्य व्यवस्थित ढंग से पूरा नहीं होता, तब तक बारिश के दौरान ऐसी परेशानियों की आशंका बनी रहेगी।











