कोलकाता। पश्चिम बंगाल में आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्य के विभिन्न बाजारों में प्रदर्शन किया और बढ़ती महंगाई के खिलाफ आवाज उठाई।

प्रदर्शन के दौरान शुभंकर सरकार ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पूरे पश्चिम बंगाल में आवश्यक वस्तुओं के दाम तेजी से बढ़े हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, "आज प्याज का दाम क्या है, दालों का दाम क्या है, अदरक और लहसुन का दाम क्या है। इन सभी चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन इसके विरोध में सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।"

उन्होंने कहा कि भोजन की कीमतें इस कदर बढ़ गई हैं कि गरीब व्यक्ति के लिए भोजन खरीदना भी मुश्किल हो गया है। आम लोगों के घर का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। उन्होंने बताया कि रोजाना कई लोग कांग्रेस कार्यालय और उनके घर आकर शिकायत करते हैं कि कांग्रेस को महंगाई के मुद्दे पर सड़क पर उतरकर विरोध करना चाहिए। इसी मांग पर कांग्रेस ने पूरे बंगाल में विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया है।

शुभंकर सरकार ने कहा, "पहाड़ से लेकर सागर तक, राज्य के हर बाजार में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन हो रहा है। उन्होंने कहा कि दाल और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने से शाकाहारी लोगों के सामने सबसे बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वे प्रोटीन कहां से प्राप्त करेंगे। भाजपा की नीतियों से आज यह साबित हो गया है कि वह हिंदू विरोधी रवैया अपना रही है क्योंकि वह लोगों की मूलभूत जरूरतों की अनदेखी कर रही है।"

उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार बनने के बाद सरकार ने रचनात्मक तरीके से काम करने के बजाय विनाशकारी रवैया अपनाया है। उन्होंने कहा कि आज बेरोजगार नौजवानों का भविष्य अंधकार में है। सरकार को बने हुए छह महीने हो गए हैं लेकिन सरकार ने अब तक किसी को नौकरी नहीं दी है।