दमोह, राजेन्द्र तिवारी। बटियागढ़ थाना क्षेत्र के शहजादपुरा गांव में एक युवक ने महिला के ऊपर कुल्हाड़ी की मुदानी से हमला कर दिया। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें परिजनों ने उपचार के लिए बटियागढ़ अस्पताल में भर्ती कराया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल महिला की पहचान इमरती बाई पाल (उम्र लगभग 52 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना को लेकर घायल महिला के पुत्र सूरज पाल ने आरोप लगाया है कि वह जंगल से भैंसें खोजकर घर लौटा था। इसी दौरान आरोपी भगवत घर के पास खड़ा होकर गाली-गलौज कर रहा था।

शोर और गाली-गलौज की आवाज सुनकर जब इमरती बाई बाहर निकलीं, तो आरोपी ने उन पर कुल्हाड़ी की मुदानी से हमला कर दिया। पुत्र के मुताबिक, परिवार और आरोपी के बीच न तो कोई विवाद था और न ही कोई पुरानी रंजिश। सूरज ने बताया कि कुछ देर पहले ही आरोपी भी उनके साथ भैंसें लेकर लौटा था और रास्ते में दोनों के बीच हंसी-मजाक भी हुई थी।

हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन तुरंत इलाज के लिए बटियागढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना पुलिस थाने में भी दे दी गई है।