टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। रबी सीजन में किसानों को तय दर पर खाद उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन की निगरानी लगातार जारी है। इसी कड़ी में कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय का एक अलग अंदाज देखने को मिला। रास्ते से गुजर रहे कलेक्टर ने अचानक अपनी कार रुकवाई और खाद लेकर जा रहे एक किसान के ट्रैक्टर को रोककर उससे सीधे बातचीत शुरू कर दी।
कलेक्टर ने किसान से खाद की मात्रा, खरीद केंद्र और भुगतान की गई राशि की बारीकी से जानकारी ली। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि कहीं उससे निर्धारित कीमत से अधिक रुपए तो नहीं वसूले गए हैं। वितरण केंद्रों के औपचारिक निरीक्षण के बजाय सड़क पर सीधे किसान से फीडबैक लेने का कलेक्टर का यह तरीका जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसानों को समय पर पर्याप्त खाद मिले और कालाबाजारी या ओवररेटिंग पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।













