छतरपुर, विनोद मिश्रा। बड़ामलहरा के ग्राम हतना में तेंदुए के हमले में एक भैंस की मौत हो गई, जिससे पीड़ित परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित ने प्रशासन और वन विभाग से नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, हतना निवासी नरेश यादव पिता छन्दू यादव ने 20 नवंबर की सुबह अपनी भैंस जंगल में चरने के लिए छोड़ी थी। शाम तक भैंस के घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन जब नरेश यादव मुडार हार पहुंचे तो उन्होंने एक तेंदुए को भैंस का शिकार करते देखा। लोगों की आहट मिलते ही तेंदुआ जंगल की ओर भाग निकला, लेकिन तब तक भैंस की मौत हो चुकी थी।


पीड़ित नरेश यादव ने बताया कि उन्होंने करीब एक वर्ष पहले महोबा जिले से 80 हजार रुपये में भैंस खरीदी थी। भैंस से रोजाना लगभग पांच लीटर दूध निकलता था, जिसकी बिक्री से होने वाली आय ही उनके परिवार के भरण-पोषण का मुख्य सहारा थी। भैंस की मौत से परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। पीड़ित ने शासन के नियमानुसार मुआवजा राशि दिलाने की गुहार लगाई है।